
रायपुरः बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अर्नब अब छत्तीसगढ़ के सभी हिस्सों को प्रभावित कर रहा है। रायपुर और रायगढ़ में सुबह से ही बूंदाबांदी हो रही है और तेज हवाएं चल रही हैं। गरियाबंद में भी पिछली देर रात से लगातार बारिश और ठंडी हवाएं चल रही हैं।
12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटों के दौरान बालोद, बालोदबाजार, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, कांकेर, महासमुंद, नारायणपुर, रायपुर और सुकमा में गरज और बिजली के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। हवा की गति 50-60 किमी प्रति घंटे और कुछ स्थानों पर 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
चक्रवात अर्नब धरती से टकराया
चक्रवात अर्नब ने बुधवार को लगभग 3:30 बजे आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में दस्तक दी। इसे लैंडफॉल बनाने में लगभग 3 घंटे लगे और इस दौरान हवाएं लगभग 125-135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थीं।
29 अक्टूबर को प्रभावित हुआ उत्तर छत्तीसगढ़
बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, कोरिया और कोरबा जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। अन्य जिलों में सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, शक्ति, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, बेमेतरा, बालोदबाजार, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखादन-गंडई, राजनंदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, दुर्ग, बालोद, धमतरी, गरियाबंद और रायपुर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
30 अक्टूबर-1 नवंबरः हल्की से मध्यम बारिश
इस दौरान बलरामपुर-रामानुजगंज, मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भारतपुर, कोरिया, सूरजपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, मुंगेली, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, शक्ति, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बिलासपुर जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में गरज और बिजली भी पड़ सकती है।
